Shravanmonth: सावन का महीना हिंदू धर्म में पूजा, अर्चना, व्रत, संयम और आस्था का महीना माना जाता है। कई बार हमारे मन में ऐसा आता है कि इस महीने में महिलाओं को ब्यूटी पार्लर जाना चाहिए या नहीं। ऐसे पवित्र महीने में जब करोड़ो महिलाएं भगवान शिव के लिए व्रत रखती हैं। जब करोड़ों श्रद्धालु पैदल कांवर लेकर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने जा रहे होते हैं, तो क्या ब्यूटी पार्लर जाना उचित होता है ? धार्मिक दृष्टिकोण से सावन के महीने में ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर हमारी परंपरा क्या कहती है, आइए इस पर चर्चा करते हैं।
सबसे पहले तो इस बात को समझ लीजिए कि हिंदू धर्म के किसी भी ग्रंथ या शास्त्र में ऐसा नहीं लिखा है कि सावन के महीने में ब्यूटी पार्लर जाना या फिर सौंदर्य संबंधी सेवाएं लेना मना है। ब्यूटी पार्लर जाना या साज श्रृंगार करना पूरी तरह से व्यक्तिगत विषय है। इसका धर्म से कोई लेना देना नहीं है। ब्यूटी पार्लर जाना या नहीं जाना ये आपकी व्यक्तिगत आस्था, पारिवारिक मर्यादा और क्षेत्रीय रीति रिवाजों पर निर्भर करता है।

अगर आपके परिवार में ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर कोई रोक नहीं है या ऐसी कोई परंपरा नहीं है तो आप आराम से सावन के महीने में ही क्यों, हमेशा ब्यूटी पार्लर जा सकती हैं। अगर आपके परिवार में कोई ऐसी परंपरा है कि सावन के महीने में महिलाओं को शरीर कि किसी भी हिस्से के बालों को नही हटवाना है तो आपको ऐसा करने से परहेज करना चाहिए।
हां, यहां पर एक बात आपको समझनी होगी कि अगर आप सावन के महीने में सोमवार का व्रत रखती हैं तो उस दिन कम से कम आपको सादगी और संयम का पालन करना चाहिए। इसके लिए आप सोमवार को ब्यूटी पार्लर जाने से परहेज करें। कई परिवारों में गुरुवार के दिन बाल और नाखून नहीं काटने की परंपररा है। ऐसे में गुरुवार के दिन भी ब्यूटी पार्लर जाने से बचना ही चाहिए।
हां, अगर आपको इसी दौरान किसी फंक्शन में शामिल होना है या किसी इंटरव्यू में जाना है तो आप एक दिन पहले ही ब्यूटी पार्लर वाला काम कर लें। इससे आपका काम भी बन जाएगा और संयम भी बना रह जाएगा।
सावन के महीने में हमें सबसे ज्यादा ध्यान भगवान भोलेनाथ की पूजा, उनके मंत्रों का जाप, दान पुण्य, सेवा श्रद्धा, और सच्ची भक्ति को देना चाहिए। मन साफ है, नियत अच्छी है तो भोलेनाथ के प्रति अगाध प्रेम है तो सिर्फ ब्यूटी पार्लर जाने से आपकी पूजा, अनुष्ठान, मंत्र जाप या व्रत का फल कम नहीं हो सकता।
अंत में हम आपको कह सकते हैं कि सावन के महीने में ब्यूटी पार्लर जाना न गलत है और न कहीं वर्जित है लेकिन आपको लगता है कि इस पवित्र महीने में आपको सादगी और संयम का परिचय देना है तो आप ब्यूटी पार्लर नहीं जाए। यह आपका व्यक्तिगत निर्णय होगा। इसका धार्मिक मर्यादा से कोई लेना देना नहीं होगा। हम इस बात को नहीं भूल सकतें कि भगवान भोलेनाथ को अपने भक्तों की आस्था, निष्काम भक्ति, सच्ची श्रद्धा और निष्कलंक मन ही सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। बाहरी सुंदरता से ज्यादा आपके अंदर की पवित्रता और सुंदरता ज्यादा आवश्यक है। ब्यूटी पार्लर आपको बाहरी सुंदरता तो दे सकता है पर मन की सुंदरता तो अपके कर्मों से ही आएगी। जय भोलेनाथ। हर हर महादेव।
डिस्क्लेमर:यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और सामान्य उपलब्ध स्रोतों पर आधारित है। अलग–अलग परिवारों, क्षेत्रों और संप्रदायों की मान्यताएं भिन्न हो सकती हैं। कृपया अपनी आस्था और परंपरा का सम्मान करें।
