980

Patna: पटना एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज यानी 17 सितंबर से 24 दिवसीय ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ की शुरुआत होने जा रही है। यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के साथ-साथ उन्हें बिहार की कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से भी परिचित कराना है।

पहली बार हवाई सफर करने वालों को मिलेगी मदद

इस अभियान की सबसे खास पहल पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए की गई है। एयरपोर्ट पर एक विशेष यात्री सहायता डेस्क बनाया जाएगा। यहां पहली बार विमान से सफर करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश करने से लेकर चेक-इन, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग तक की प्रक्रिया के बारे में जरूरी जानकारी दी जाएगी। इससे ऐसे यात्रियों को एयरपोर्ट की प्रक्रिया समझने और बिना परेशानी के अपनी उड़ान तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को भी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिन यात्रियों को एयरपोर्ट के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने या प्रक्रिया समझने में परेशानी होती है, उनके लिए विशेष सहयोग की व्यवस्था रहेगी।

hbvjklkयात्रियों से लिए जाएंगे सुझाव

यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को समझने के लिए ‘एक सवाल-एक बदलाव’ अभियान और फीडबैक वॉल की व्यवस्था भी की जाएगी। यात्री यहां अपनी समस्या, सुझाव और यात्रा से जुड़े अनुभव साझा कर सकेंगे। इन प्रतिक्रियाओं के आधार पर एयरपोर्ट की यात्री सेवाओं में सुधार करने का प्रयास किया जाएगा।

मनोरंजन के लिए भी खास इंतजाम

अभियान के दौरान यात्रियों के मनोरंजन का भी ध्यान रखा गया है। डिपार्चर और अराइवल एरिया में ‘सेल्फी विद पीएम’ पॉइंट बनाए जाएंगे। पटना पहुंचने वाले यात्रियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत भी किया जाएगा।

बच्चों के लिए किड्स एंगेजमेंट जोन तैयार किया जाएगा। इसमें पेंटिंग, ड्राइंग, कलरिंग और गेम्स जैसी गतिविधियां होंगी। यात्रियों के लिए एविएशन क्विज और 60 सेकेंड चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं सिक्योरिटी होल्ड एरिया में कैरम, शतरंज और ब्रेन गेम्स जैसी गतिविधियों की व्यवस्था होगी। इसका उद्देश्य उड़ान का इंतजार कर रहे यात्रियों को व्यस्त रखने के साथ उनके अनुभव को बेहतर बनाना है।

स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा

यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अराइवल एरिया में हेल्थ एंड वेलनेस कैंप लगाया जाएगा। यहां यात्रियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बीएमआई की बुनियादी जांच की जाएगी। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी मिल सकेगी।

बिहार की कला और संस्कृति की दिखेगी झलक

‘यात्री सेवा अभियान 2026’ में बिहार की कला और संस्कृति को भी विशेष स्थान दिया गया है। एयरपोर्ट पर स्थानीय हस्तशिल्प और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट यानी ODOP के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा लोक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए यात्रियों को बिहार की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर

पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘ग्रीन पैसेंजर इनिशिएटिव’ के तहत यात्रियों को पौधे वितरित किए जाएंगे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस तरह अभियान में यात्री सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी शामिल किया गया है।

इन तारीखों पर होंगे खास कार्यक्रम

अभियान के दौरान अलग-अलग दिनों में अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ‘अतिथि देवो भव’ कार्यक्रम होगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 3 अक्टूबर को हरित एयरपोर्ट से संबंधित कार्यक्रम होंगे।

10 अक्टूबर को सेवा रिपोर्ट और उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों के सम्मान के साथ इस 24 दिवसीय अभियान का समापन किया जाएगा। यानी पटना एयरपोर्ट का यह अभियान केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें सुरक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन, फीडबैक, पर्यावरण और बिहार की कला-संस्कृति को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को हवाई सफर के दौरान सुविधाजनक और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।

also read: Biharpolitics: प्रशांत किशोर को झटका देने के लिए तेजस्वी का नया दांव, बुलाया राहुल और अखिलेश को….

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *