Type C port: आज के समय में अगर किसी स्मार्टफोन फीचर को सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया जाता है, तो वह है Type-C पोर्ट। ज्यादातर यूजर्स इसे सिर्फ चार्जिंग के लिए इस्तेमाल करते हैं। फोन की बैटरी खत्म हुई, केबल लगाया, चार्ज पूरा हुआ और केबल निकाल दी। लेकिन सच्चाई यह है कि आपके स्मार्टफोन का Type-C पोर्ट सिर्फ चार्जिंग तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसा मल्टी–टैलेंटेड पोर्ट है, जो कई कामों में आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना सकता है। आज हम आपको Type-C पोर्ट के ऐसे ही छुपे हुए और बेहद काम के फीचर्स के बारे में विस्तार से बताएंगे, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

सबसे पहले बात करते हैं रिवर्स चार्जिंग की। आजकल कई नए स्मार्टफोन इस फीचर को सपोर्ट करते हैं। इसका मतलब यह है कि आपका फोन खुद एक पावरबैंक की तरह काम कर सकता है। अगर आपके इयरबड्स, स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड की बैटरी अचानक खत्म हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं। बस Type-C टू Type-C केबल की मदद से इन डिवाइसेस को अपने फोन से कनेक्ट करें और चार्जिंग शुरू हो जाएगी। खासकर ट्रैवल के दौरान या ऑफिस में यह फीचर बेहद काम का साबित होता है।
ALSO READ: Phone Charging Tips: फोन चार्ज नहीं हो रहा? जानें इसके पीछे की वजह और सही चार्जिंग टिप्स!
अब बात करते हैं फास्ट और आसान डेटा ट्रांसफर की। आज भले ही Quick Share या AirDrop जैसे वायरलेस ऑप्शन मौजूद हों, लेकिन जब बात बड़ी फाइल्स, जैसे 4K वीडियो या सैकड़ों फोटो ट्रांसफर करने की आती है, तो वायरलेस तरीका काफी स्लो हो जाता है। ऐसे में Type-C पोर्ट आपकी सबसे बड़ी मदद करता है। दो स्मार्टफोन को सीधे Type-C टू Type-C केबल से कनेक्ट कर आप चुटकियों में डेटा ट्रांसफर कर सकते हैं। इसमें न इंटरनेट की जरूरत होती है और न ही नेटवर्क की टेंशन।

Type-C पोर्ट की एक और खासियत यह है कि यह आपके फोन को छोटा कंप्यूटर बना सकता है। जी हां, आप अपने स्मार्टफोन में Type-C पोर्ट के जरिए USB या ब्लूटूथ डोंगल कनेक्ट कर सकते हैं। इसके बाद वायरलेस कीबोर्ड और माउस को फोन से जोड़कर उसे लगभग कंप्यूटर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर किसी वजह से फोन की टचस्क्रीन खराब हो जाए, तब यह तरीका और भी ज्यादा फायदेमंद साबित होता है। ऐसे में आप बिना टच किए भी अपने फोन का पूरा कंट्रोल ले सकते हैं।
ALSO READ: waterproof phone: आपका फ़ोन वाटरप्रूफ है या नहीं? ऐसे लगाएं पता
अब आते हैं उस फीचर पर, जिसे वीडियो और मूवी लवर्स सबसे ज्यादा पसंद करेंगे। बड़ी स्क्रीन पर कंटेंट देखने का मजा। कई स्मार्टफोन अपने Type-C पोर्ट के जरिए वीडियो आउटपुट को सपोर्ट करते हैं। इसका मतलब यह है कि आप HDMI टू Type-C केबल का इस्तेमाल कर अपने फोन को सीधे टीवी या मॉनिटर से कनेक्ट कर सकते हैं। इसके बाद फोन में चल रही फिल्म, वेब सीरीज या YouTube वीडियो को बड़ी स्क्रीन पर देखा जा सकता है। यह फीचर खासकर उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जिन्हें OTT कंटेंट देखने का शौक है।

कुल मिलाकर, Type-C पोर्ट सिर्फ एक चार्जिंग पोर्ट नहीं बल्कि एक ऑल–इन–वन सॉल्यूशन है। सही एक्सेसरी और थोड़ी जानकारी के साथ आप अपने स्मार्टफोन से कई ऐसे काम कर सकते हैं, जिनके लिए पहले अलग–अलग डिवाइस की जरूरत पड़ती थी। अगली बार जब आप अपने फोन को चार्ज करें, तो यह जरूर याद रखें कि आपके हाथ में मौजूद Type-C पोर्ट आपकी सोच से कहीं ज्यादा पावरफुल है।
ALSO READ: phone battery: क्या जल्दी खत्म हो जाती है फ़ोन की बैटरी? तो इसे बचाने के लिए करें ये काम
