INDOREX

अंतराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(ICC) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(BCCI) को बड़ा झटका देते हुए इंदौर पिच को खराब बताया है. ICC ने शुक्रवार को कहा, “ICC पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रक्रिया के तहत इंदौर की पिच खराब है, जिस पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला गया. इस खराब रेटिंग से इंदौर को तीन डिमेरिट अंक भी मिले और ये अंक पांच साल के लिए सक्रिय रहेंगे.”

ICC

ICC द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, “आईसीसी मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने अपनी रिपोर्ट आईसीसी को सौंप दी, जिसमें उन्होंने मैच अधिकारियों और दोनों टीमों के कप्तानों से बात करने के बाद उनकी चिंताएं व्यक्त कीं. इस आकलन के बाद स्थल को तीन डिमेरिट अंक दिए गए. इस रिपोर्ट को बीसीसीआई को भेज दिया गया है जिसके पास इसके खिलाफ अपील करने के लिए 14 दिन का समय है.”

Chris Broad

मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने कहा, “पिच बहुत सूखी थी, इसने बल्ले और गेंद के बीच कोई संतुलन नहीं मुहैया कराया और इस पर शुरू से ही स्पिनरों को मदद मिल रही थी. यह शुरू से ही स्पिनरों के पक्ष में थी. मैच की पांचवीं गेंद पिच की सतह से टूट गई और कभी-कभार सतह को तोड़ती रही जिससे सीम मूवमेंट बहुत कम या नहीं हुआ और पूरे मैच में अधिक और असमान उछाल था.”

क्या कहता है ICC का नियम ? 

आईसीसी पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रक्रिया में, अगर किसी पिच या आउटफील्ड को घटिया माना जाता है, तो उस स्टेडियम को ICC द्वारा कई डिमेरिट अंक दिए जाते हैं. अगर मैच रेफरी ने किसी वेन्यू को औसत से कम रेटिंग दी है तो उसे डिमेरिट अंक मिलता है, जबकि तीन और पांच डिमेरिट अंक उन स्थानों को दिए जाते हैं, जिनकी पिचों को क्रमशः खराब और अनफिट कहा जाता है.
गौरतलब है कि पांच डिमेरिट अंक मिलने पर मैदान 12 महीनों तक अंतराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी नहीं कर सकता है वहीं अगर यह 10 डिमेरिट अंक तक पहुंच जाए तो उस वेन्यू को 24 महीने के लिए किसी भी अंतराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी से निलंबित कर दिया जाता है.

lyonX2

इंदौर में हुए भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया ‘बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023’ टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला तीसरे दिन के पहले सत्र में ही खत्म हो गया था. इस टेस्ट मैच में 27 विकेट स्पिनर्स ने लिए थे जबकि 4 विकेट तेज गेंदबाजों को मिला था. सिर्फ 2 दिनों के अंदर 30 विकेट गिरे थे. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 9 विकेटों से हराया था. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का चौथा और अंतिम टेस्ट 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *